एक युग का अंत…! नहीं रहे दिलीप कुमार…!

    07-Jul-2021
|

कभी कभी फिल्मों के किरदारों से, लोगों से कुछ ऐसा नाता जुड जाता है, मानों वे अपने ही घर के लोग हों | और जब इन्हीं किरदारों, लोगों में से कोई हमेशा के लिये बिछुड जाता है, तो उसका गम भी उतना ही अपना होता है | ऐसा ही कुछ आज पूरे भारत के साथ हो रहा है | बॉलिवुड के प्रसिद्ध दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार नहीं रहे | आज उन्होंने मुंबई में अंतिम सांस ली | वे काफी समय से बीमार चल रहे थे | कुछ समय पहले उनकी तस्वीर भी आई थी, तब भी वे काफी कमजोर लग रहे थे आखिरकार ९८ वर्ष की उम्र में उन्होंने आज अंतिम सांस ली | और हिंदी सिनेजगत के एक युग का अंत हो गया |


Dilip Kumar_1  

 


उनकी अदाकारी के कारण उन्हें ट्रेजेडी किंग के नाम से जाना जाता था | लगभग ६ दशकों दक उन्होंने बॉलिवुड पर राज किया है | आज भी सिने दुनिया के हर व्यक्ति के मन में उनके लिये बेहद सम्मान और आदर है | दिलीप कुमार पिछले कई दिनों से फेफडों और सांस से संबंधित बीमारी से त्रस्त थे | उन्हें हिंदुजा अस्पताल में भर्ती किया गया था, और यहीं उन्होंने अंतिम सांस ली |





दिलीप कुमार के जाने से सिने दुनिया शोक सागर में डूब गई है | आज ट्विटर पर हर कोई उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है | नई पीढि तक “ये देश है वीर जवानों का” जैसे गानों के माध्यम से देशभक्ति पँहुचाने वाले दिलीप साहब, हर मेहफिल की शान जिस गाने से होती है ऐसे “उडे जब जब जुल्फें तेरी” जैसे गानों से हमारे घर परिवार और पारिवारिक सम्मेलनों को रंगीन कर देने वाले दिलीप साहब, “मांग के साथ तुम्हारा मैंने मांग लिया संसार” जैसे गानों में हर प्रेमी जोडे के बीर प्यार जगाते दिलीप साहब सभी को बहुत याद आएँगे |


कहते हैं लेजेंड्स अमर होते हैं, दिलीप साहब उनके यादगार डायलॉग्स और गानों की सौगात हमें देकर सचमुच अमर हो गए | आज भले ही वे इस दुनिया को अलविदा कह चले गए हों, लेकिन उनकी अदाकारी, उनके गानों और उनकी फिल्मों के साथ वे हमेशा हमारे साथ रहेंगे |