नहीं रहे ‘रावण’…!

प्रसिद्ध अभिनेता अरविंद त्रिवेदी का निधन...!

    06-Oct-2021
|

रामानंद सागर का रामायण किसे याद नहीं, हमारा तो बचपन ही उस रामायण की धुन में बीता है | और हाल ही में लॉकडाउन के वक्त फिर एक बार रामायण, महाभारत के हमारे जीवन में आने से हम फिर एक बार उस युग में लौट गए थे | लेकिन आज रामायण के भक्तों के लिये एक दु:खद खबर है | रामानंद सागर की रामायण में रावण का किरदार निभाने वाले अरविन्द त्रिवेदी नहीं रहे | उन्होंने ८३ वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली | वे कई समय से लंबी बीमारी से परेशान थे |


Ravan_1  H x W:


रामायम हमारा बचपन जुड़ा है। जब भी कभी रावण "मैं लंकापति रावण" कहकर ठहाका लगाता, हम सभी की सांसें एक सेकंड के लिए तो जरूर थम जाती। रावण के किरदार से हमें भले ही कितनी भी नफरत हो, लेकिन यह किरदार निभाने वाले अरविन्द त्रिवेदी के अभिनय की दाद हर कोई देता था। हिन्दू पुराण के सबसे खतरनाक खलनायक का किरदार निभाना, इतना आसान तो नहीं रहा होगा।

लेकिन आज सदी के सबसे प्रसिद्ध किरदार को निभाने वाले, खलनायक रावण के किरदार को जीवंत करने वाले अरविंद त्रिवेदी जी का जाना सभी के लिये एक बहुत ही दु:खद घटना है |

अरविंद त्रिवेदी का जन्म, 8 नवंबर 1938 को मध्यप्रदेश के उज्जैन में हुआ था। उनका करियर गुजराती रंगमंच से शुरू हुआ था। हिंदी के प्रसिद्ध कार्यक्रम रामायण से घर-घर पहचान बनाने वाले लंकेश यानी अरविंद त्रिवेदी ने लगभग 300 हिंदी और गुजराती फिल्मों में अभिनय किया था।

गुजराती भाषा की धार्मिक और सामाजिक फिल्मों से, उन्हें गुजराती दर्शकों में पहचान मिली, जहां उन्होंने 40 वर्षों तक योगदान दिया। 2002 में उन्हें केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नामित किया गया था। अरविंद त्रिवेदी ने 20 जुलाई 2002 से 16 अक्टूबर 2003 तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड प्रमुख के रूप में भी काम किया था।

एक प्रतिभाशाली अभिनेता के रूप में अरविन्द त्रिवेदी सदा ही अपने चाहनेवालों के दिलों में ज़िंदा रहेंगे।