क्या हम मानव कहने के लायक हैं ? #KerlaElephant

    03-Jun-2020
|

भारत के केरला राज्य को God’s Own Country कहा जाता है | याने कि भगवान ने इस राज्य को जो खूबसूरती दी है, उसके कारण इसे भगवान की स्वयं की भूमि कहा जाता है | लेकिन कल इसी केरला में जो घटना हुई वो भगवान ने इस राज्य को दी हुई इस खूबसूरती पर कालिख पोतने वाली थी | इस घटना के कारण क्या हम मानव कहलाने के लायक भी बचे हैं ? ऐसा प्रश्न उपस्थित होता है | केरला में एक गर्भवती हथिनी को कुछ लोगों ने अनानास में पटाखे मिलाकर खिला दिया | जिससे पटाखे फूटने पर वह हथिनी जख्मी हो गई और कुछ समय बाद ही उस हथिनी और उसके अजन्मे बच्चे की मृत्यु हो गई | इंसान का इंसान से बैर तो हम देखते ही आये हैं, लेकिन जिस मूक जानवर ने इस इंसान का कुछ नहीं बिगाडा उसके साथ इतना घिनौना बर्ताव हमारे मानव होने पर सवाल उठाता है |


Preganent elephant_1 


आज इस विषय में इंटरनेट पर बहुत रोष दिखाई दे रहा है | इस घटना का विरोध करते हुए अनेक लोग इंटरनेट के माध्यम से पोस्ट कर रहे हैं | #Elephant, #KerlaElephant ट्विटर पर ट्रेंड कर रहा है | और विविध पोस्ट्स और ग्राफिक्स के माध्यम से जनता अपना गुस्सा प्रकट कर रही है |









ये घटना उत्तरी केरल के मलप्पुरम जिले का है | घटना की जानकारी एक वन अधिकारी ने अपने फेसबुक पेज पर दी | वन अधिकारी मोहन कृष्णन्न ने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट कर बताया कि यह मादा हाथी खाने की तलाश में भटकते हुए जंगल से पास के गांव में आ गई थी | वह गलियों में घूम रही थी | इसके बाद कुछ लोगों ने उसे अनानास खिला दिया जिसमें पटाखे भरे थे |   

फेसबुक पोस्ट में एक बहुत ही मार्मिक बात कही गई है कि, “उस हथिनी ने सभी पर विश्वास किया | जब उसे पटाखों से भरे अनानास खिलाए गए तो उसे जरूर धक्का पँहुचा होगा, और वह अपने बारे में ना सोच कर अपने अजन्में बच्चे के बारे में सोच रही होगी जिसे वह आने वाले १८-२० महीनों में जन्म देने वाली थी |”



आए दिन हमारे देश में ऐसी घटनाएं बढ रही हैं | टिकटॉक पर एक कुत्ते के चारों पैरों को बांध कर उसे तालाब में फेंक देने का व्हिडियो व्हायरल होना हो, या फिर बिल्ली को गले में रस्सी बांधकर उसे पंखे से लटका देना हो | और अब केरला की ये बिचारी हथिनी और उसका नन्हा अजन्मा बच्चा | जो ऐसा कर रहे हैं, वे मानव हो ही नहीं सकते | इंसान से लेकर जानवर तक किसी की जान की भी कीमत ना समझने वाले ये लोग दरिंदे हैं और इन्हें सजा मिलनी ही चाहिये |