The 100 : नेटफ्लिक्स की ऐसी देन जो आपको ले जाएगी एक दूसरी ही दुनिया में

    28-May-2020   
|

अब लॉकडाउन 4.0 चल रहा है | अभी तक नेटफ्लिक्स और अमेझन प्राइम की अधिकतर सीरीज आप देख चुके होंगे, या देख रहे होंगे | हर दिन सभी घरों में ये ही चलता रहता है कि आज क्या देखें? तो आज हम आपके लिये लेकर आ रहे हैं, एक ऐसी सीरीज का रिव्यू जो हटके है, अलग है, इमॅजिनेशन और सोच से परे है, और एक ऐसी कलाकृति है जो आपको एक अलग ही दुनिया में लेकर जाएगी | ये सीरीज है The 100 | नेटफ्लिक्स पर है, और बेहद ही रोमांचक है |


The 100_1  H x


इस सीरीज में कुल ७ सीझन है | ६ सीझन पूरे हैं, और सातवें सीझन का पहला एपिसोड पिछले ही हफ्ते आया है | तो बात करते हैं कहानी की | आँख बंद करके इमॅजिन कीजिये की न्यूक्लिअर रेडिएशन के कारण दुनिया खत्म हो गई है, और इसके 97 साल बाद, अंतरिक्ष में ‘आर्क’ नाम की जगह में अब ऑक्सिजन की कमी होने लगी है | लगभग 97 साल तक आर्क ने पृथ्वी जैसा वातावरण देकर यहाँ के लोगों को जिंदा रखा लेकिन अब समय कठिन है, और अब सभी ये जानना चाहते हैं, कि क्या पृथ्वी survivable है? और इसीलिये आर्क से १०० नाबालिग बच्चों को पृथ्वी पर भेजा जाता है | और धरती पर आने के बाद उन्हें एक अलग ही दुनिया का सामना करना पडता है | इस वेबसीरीज की खासियत यह है, कि जो अनेक फिल्में अनेक वेबसीरीज नहीं कर सकीं, वो इसने कर दिखाया है | ये हर सीझन के साथ और भी अधिक बेहतर होती जाती है | आप इसमें और भी ज्यादा इनव्हॉल्ह्व होते जाते हैं | पहले सीझन में आर्क से धरती पर आए बच्चों में क्लार्क, बेलमी, ऑक्टीविया, जॅस्पर, मर्फी कई महत्वपूर्ण कॅरेक्टर्स दिखाए गए हैं | इन १०० लोगों का प्रतिनिधित्व करने का जिम्मा अपने आप ही आ जाता है क्लार्क और बेलमी पर, हालांकि शुरुआत में इनकी आपस में नहीं पटती, पर जिस प्रकार से कहानी आगे बढती जाती है, आप हर एक कॅरेक्टर में और अधिक घुसते चले जाते हैं | इस वेब सीरीज का पहला सीझन आया था २०१४ में और सातवाँ आया है २०२० में | इन ७ सालों में हर एक सीझन में कुछ नया दिखाया गया है |



पहले सीझन में इन १०० लोगों को सामना करना पडता है ग्राउंडर्स से याने कि जंगलों में रहने वाले आदिवासी जो किसीतरह इस भयंकर त्रासदी से बच जाते हैं | इन आदिवासियों के भी अलग अलग १३ समूह होते हैं, हर समूह का एक कमांडर होता है | इस दुनिया में रीपर्स नाम के कुछ खूंखार राक्षस जैसे लोग भी हैं | और इस नयी दुनिया को समझने में, ग्राउंडर और रीपर्स से बचने में ये १०० लोग हर भरसक कोशिश करते हैं | यह पूरी सीरीज survival पर बनी है | किस तरह आपको हर परिस्थिती का सामना डँट कर करना है, अपने लोगों की रक्षा के लिये कठिन निर्णय लेना है, यह सब हमें यह सीरीज बताती है |

आगे के सीझन्स में माउंटन मॅन, सिटी ऑफ लाइट, सेंटम ऐसे कई लोग और जगहें आपको देखने को मिलेंगी जिसे देखकर आप इस सीरीज को निर्देशित करने वाले हेनरी लॅन क्यूसिक , और The 100 यह किताबों की सीरीज लिखने वाली कास मोर्गन की कल्पना शक्ती को देख कर अचंभित हो जाएँगे | मजे की बात यह है निर्देशक हेनरी ने इस सीरीज में केन का एक महत्वपूर्ण किरदार निभाया है | इस सीरीज के किरदार क्लार्क और बेलमी असल जिंदगी में पती पत्नी हैं | और इस सीरीज के अन्य महत्वपूर्ण किरदार जैसे जाहा, रेवन, एबी, लेक्सा, लिंकन, फिन, एको, इंड्रा, बेका, हार्पर, मॉंटी इन्हें आप भूल नहीं सकते |


The 100_1  H x


इस सीरीज की खास बात यह भी है कि इसमें आर्टिफिशिअल इंटेलिजंस और विज्ञान क्या कर सकता है, सही उपयोग ना करने पर किस हद तक तबाही मचा सकता है यह दिखाया गया है, जिसे देखकर आप आश्चर्यचकित हुए बिना नहीं रह सकते | किस तरह बोन मॅरो का उपयोग करके इंसान को राक्षस बनाया जाता है, और रेडिएशन से बचा जाता है, किस तरह A.I. का गलत उपयोग दिमाग से खेल सकता है ये बताया गया है |

एक अलग दुनिया में ले जाने वाली यह सीरीज आपको कलाकृति की ऐसी तस्वीर दिखाती है, जो शायद हम सपने में भी नहीं सोच सकते | इसकी अंग्रेजी भाषा भी समझने में कठिन नहीं है, इसलिये सामान्य दर्शक भी इसे आसानी से देख सकते हैं |


The 100_1  H x


इस सीरीज का अनुभव शब्दों में बयाँ करना कठिन है | इसे समझने के लिये इसे देखना और जीना आवश्यक है | ऊपर मैंने जो भी लिखा है वो आपको असल में तब समझ आयेगा जब आप उसे एक बार देखेंगे | तो अवश्य देखें | जिनके पास नेटफ्लिक्स है, वो एक अच्छी, अलग, हटके और सामान्य दुनिया से परे कलाकृति को देखने से चूकना नहीं चाहेंगे |

- निहारिका पोल सर्वटे